लायंस क्लब ऑफ भुरकुंडा ने ए ला एंगलाइज विद्यालय में बच्चों के बीच बांटा फल

लायंस क्लब ऑफ भुरकुंडा द्वारा लायंस इंटरनेशनल के विश्वव्यापी फूड फॉर हंगर कार्यक्रम के तहत सेवा गतिविधियों का क्रमबद्ध आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान लायंस इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट लायन ए.पी. सिंह के आह्वान पर 3 जनवरी से 11 जनवरी तक पूरे विश्व में संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य है ‘कोई भूखा नहीं रहे, कोई भूखा नहीं सोए। इसी क्रम में लायंस क्लब ऑफ भुरकुंडा ने 3 जनवरी को शीतला माता मंदिर परिसर में खिचड़ी वितरण, 4 जनवरी को रोटी वितरण तथा 5 जनवरी सोमवार को ए ला एंगलाइज विद्यालय बिरसा चौक भुरकुंडा में बच्चों के बीच फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर लगभग 300 बच्चों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व पर भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि संतुलित और पौष्टिक भोजन न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक है, बल्कि यह बच्चों की एकाग्रता और प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करता है। जिला चेयरपर्सन लायन विजयंत कुमार ने कहा कि आज के समय में फास्ट फूड और जंक फूड का प्रचलन तेजी से बढ़ा है, जिससे बच्चों को दूरी बनानी चाहिए और घर के बने ताजे भोजन को प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं लायन डॉ. एम.के. मंजुल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पौष्टिक आहार से शरीर मजबूत बनता है और बीमारियों से बचाव होता है। कहा गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ भोजन की आदत विकसित करना और समाज में सेवा व मानवता के मूल्यों को सशक्त करना रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं लायंस क्लब के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *