बासकोला गांव से भालू का रेस्क्यू, अवैध रूप से रखा गया था बंधक

बरहरवा वन क्षेत्र अंतर्गत बासकोला गांव से वन विभाग कि टीम द्वारा एक स्लॉथ भालू का सफलता पूर्वक रेस्क्यू किया गया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम त्वरित रूप से मौके पर पहुंची और भालू को सुरक्षित रूप से संरक्षण में लिया।

यह रेस्क्यू अभियान वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत उप वन परिसर पदाधिकारी सनी रजक एवं राजेश टुडू के नेतृत्व में संचालित किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि भालू को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया था तथा उससे करतब कराए जा रहे थे, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के अंतर्गत गंभीर दंडनीय अपराध है। वन विभाग की टीम के आने की सूचना मिलते ही भालू के साथ मौजूद मदारी मौके से फरार हो गया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग ने बताया कि रेस्क्यू किए गए भालू की स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है तथा उसे सुरक्षित पुनर्वास के लिए उपयुक्त केंद्र में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही फरार मदारी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छानबीन की जा रही है और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *