ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से पिता की मौत, चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
थाना क्षेत्र के दमदमा‑बिरकिट्टी गांव निवासी इसामुद्दीन शेख ने थाने में लिखित आवेदन देकर ट्रैक्टर चालक कुतुबुद्दीन शेख के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को पिता दिलवर शेख उम्र 40 अपने खेत में ट्रैक्टर (पंजीकरण जेएच‑16के 4479) से काम कर रहे थे। उसी समय ट्रैक्टर चालक कुतुबुद्दीन शेख ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए दिलवर शेख को टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से ईलाज के लिए रामपुरहाट के सदर अस्पताल ले गया। जहां प्राथमिक ईलाज के बाद बेहतर ईलाज के लिए कोलकाता के केएमसी अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 23 नवंबर को दिलवर शेख की मौत हो गई। उनका पोस्ट‑मॉर्टम कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज में किया गया। इसामुद्दीन शेख ने बताया कि शोक और दफ़न की व्यवस्थाओं के कारण आवेदन देने में विलम्ब हुआ है। उन्होंने थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि कुतुबुद्दीन शेख के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 186/25 दर्ज किया गया है।









