पेटरवार में जन वितरण प्रणाली दुकानों को मिला नया ई-पॉस मशीन
पेटरवार। पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में बुधवार को जन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ई-पॉस मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी अशोक राम द्वारा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जन वितरण प्रणाली की दुकानों के लिए नई ई-पॉस मशीनों का वितरण किया गया। अंचलाधिकारी ने उपस्थित जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को संबोधित करते हुए कहा कि ई-पॉस मशीन के माध्यम से राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी तथा फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी। उन्होंने बताया कि मशीन के उपयोग से लाभुकों को समय पर एवं सही मात्रा में राशन उपलब्ध कराना आसान होगा। साथ ही डिजिटल प्रणाली से सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंचेगा। उन्होंने दुकानदारों से ई-पॉस मशीन का सही तरीके से उपयोग करने, मशीन की सुरक्षा बनाए रखने तथा तकनीकी समस्याओं की सूचना समय पर संबंधित विभाग को देने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान मशीन के संचालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दुकानदारों को दी गईं। इस अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली दुकानदार, कार्यालय कर्मी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।









