सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे समीर अंसारी

पाकुड़ के लिए खेल जगत से एक बार फिर बड़ी खुशखबरी आई है। पाकुड़ के युवा एथलीट समीर अंसारी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता में ना सिर्फ भाग लेंगे, बल्कि झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दरअसल आगामी 19 दिसंबर से उत्तराखंड में सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप का आयोजन होना है। इसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में समीर अंसारी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस संबंध में जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक शिवालिक वेलोड्रोम, रुद्रपुर (उत्तराखंड) में 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर एवं 40वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप 2025 का आयोजन किया जाएगा। जिसमें झारखंड राज्य से 28 सदस्यीय एथलीट भाग ले रहे है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पाकुड़ का समीर अंसारी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि समीर अंसारी का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इससे जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश भर से सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के श्रेष्ठ साइक्लिस्ट भाग लेंगे और विभिन्न ट्रैक साइक्लिंग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के द्वारा की जा रही है। जिले के खिलाड़ी का राष्ट्रीय स्तरीय साइकलिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पर सांसद राजमहल विजय हंसदा, डीसी मनीष कुमार, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष सह जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिंहा उर्फ बूल्टी, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धंदु शेखर गांगुली, ओलंपिक संघ के महासचिव सह जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह, जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव पंकज अग्रवाल, जिला एथलेटिक्स संघ उपाध्यक्ष जयदेव कुमार मंडल, सुजीत विद्यार्थी, महिला प्रशिक्षक प्रोन्नति रानी, प्रशिक्षक नारायण चंद्र रॉय, अक्षय बावरी, कृष्णा कुमार, प्रवीण कुमार, दीपक सिंह तथा झारखंड साइक्लिंग संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने समीर अंसारी को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *