मनिका सीएचसी में 9 जनवरी को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला
मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 9 जनवरी को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिव्य क्षितिज कुजूर ने बताया कि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशानुसार मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डॉ. कुजूर ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेले के माध्यम से आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। मेले में सामान्य चिकित्सा के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, नेत्र जांच, दंत चिकित्सा एवं ईएनटी जांच की सुविधा दी जाएगी, जिससे लोगों को समय पर परामर्श और उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड तथा डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत डिजिटल हेल्थ कार्ड बनाने की भी व्यवस्था की गई है, जिससे पात्र लाभुकों को आगे इलाज में सुविधा मिलेगी।
यह स्वास्थ्य मेला मनिका सीएचसी द्वारा क्षेत्रवासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए किया गया एक सराहनीय प्रयास है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं।









