18 मेडिकल टीमों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को 18 मेडिकल टीमों द्वारा विभिन्न पंचायतों एवं उपस्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया जांच अभियान चलाया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय महुलबोना, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लीलातारी, कुजबोना, दसगोड़ा तथा डुमरिया उपस्वास्थ्य केंद्र में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।मेडिकल टीम द्वारा विद्यालयों में नामांकित सभी छात्र-छात्राओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई। चिकित्सक डॉ. आनंद ने बताया कि जांच के उपरांत बच्चों को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं। इसके अलावा अन्य सामान्य रोगों की भी जांच की गई। डॉ. आनंद ने जानकारी दी कि 15 दिसंबर से 21 दिसंबर तक एनीमिया मुक्त पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी पंचायतों में शिविर लगाकर लोगों के शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा की जांच की जाएगी, ताकि एनीमिया से बचाव एवं समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।









