सदर अस्पताल का अब होगा कायाकल्प किया गया बड़ा फैसला प्रस्तावों पर लगी मुहर।
साहिबगंज।सदर अस्पताल साहिबगंज में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर व सुदृढ़ बनाने की दिशा में बुधवार को अहम कदम उठाया गया। सदर अस्पताल स्थित वेयरहाउस सभागार में आयोजित अस्पताल प्रबंधन समिति की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष सह अस्पताल प्रबंधन समिति अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने की।बैठक में मुख्यमंत्री अस्पताल संचालन एवं रख रखाव योजना के तहत सदर अस्पताल में आंतरिक मूल्यांकन समिति से प्राप्त अनुशंसाओं के अनुमोदन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही अस्पताल के प्रसव कक्ष में ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक एवं महिला कर्मियों के लिए शौचालय निर्माण, आपातकालीन चिकित्सा पदाधिकारी के रेस्ट रूम में शौचालय निर्माण, आरटी-पीसीआर लैब की गली में शेड निर्माण जैसे प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इसके अलावा पंजीकरण काउंटर सह दवा वितरण केंद्र के विस्तारीकरण एवं निर्माण, अस्पताल परिसर में खुले नालों को कंक्रीट स्लैब से ढंकने, पेइंग वार्ड के संचालन हेतु दर निर्धारण, जेएसएसके योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के डायग्नोस्टिक शुल्क की राशि एनएचएम से अस्पताल प्रबंधन समिति को हस्तांतरित करने पर भी सहमति बनी।बैठक में आईसीयू के लिए 10 सेमी फॉलर बेड की खरीद, आईसीयू, ट्रॉमा सेंटर एवं ट्राइएज के लिए 3 व 5 पारा मॉनिटर की खरीद, जंग लगे लोहे के बेड हटाकर पहिये वाले सेमी फॉलर बेड लगाने, मैनुअल एक्स-रे हटाकर संबंधित कक्ष में वार्ड अथवा आईसीयू बनाने तथा सिजेरियन के बाद के मरीजों के लिए अतिरिक्त फॉलर बेड खरीदने जैसे प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।इस दौरान बैठक को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन समिति जिले के मरीजों को बेहतर, सुलभ और सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया और मरीजों से मिलकर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, डीएस डॉ. देवश कुमार, डॉ. रंजन, चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा, अस्पताल मैनेजर अमन पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।









