वीर बुधु भगत जयंती पर आस्था और उत्साह का संगम, सतकड़री मैदान में सजा भव्य जतरा मेला

मनिका लातेहार मनिका। प्रखण्ड के पलहेया पंचायत अंतर्गत स्थित सतकड़री खेल मैदान मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर रहा। अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह सह जतरा मेले में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम ने सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर बुधु भगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आयोजन का विधिवत उद्घाटन किया। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया, जिससे पूरे परिसर में गौरव और सम्मान का वातावरण बना रहा।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने वीर बुधु भगत के शौर्य, त्याग और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के विकास और एकता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
जयंती समारोह के साथ आयोजित जतरा मेले ने कार्यक्रम की रौनक को और बढ़ा दिया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नागपुरी ऑर्केस्ट्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देर शाम तक दर्शकों को बांधे रखा। आसपास के गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने मेले और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस प्रदेश कॉर्डिनेटर बिजय बहादुर सिंह, कांग्रेस प्रखण्ड अध्यक्ष दरोगी यादव, प्रखण्ड प्रमुख प्रतिमा देवी, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष विश्वनाथ पासवान, युवा कांग्रेस जिला महासचिव मिथलेश पासवान, बरवाडीह विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, अरुण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह ने क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण तथा शहीदों के प्रति सम्मान और प्रेरणा की भावना को और सशक्त करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *