जियो एयर फाइबर के नाम पर साइबर ठग ,खाते से उड़ाए ₹90,000
पेटरवार प्रखंड में साइबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें रघुनाथपुरम निवासी स्वरूप सहाय के बैंक खाते से ठगों ने ₹90,000 की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित ने इस संबंध में पेटरवार थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित स्वरूप सहाय ने बताया कि वह अपने घर में Jio Air Fiber लगवाने के लिए Google पर हेल्पलाइन नंबर खोज रहे थे। खोज के दौरान उन्हें 18002085280 नंबर मिला। कॉल करने पर फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को Jio Air Fiber अधिकारी बताया और इंस्टॉलेशन रजिस्ट्रेशन के नाम पर ₹19 जमा करने को कहा।
ठग द्वारा भेजे गए QR कोड/लिंक को स्कैन करने और भुगतान का प्रयास करने के दौरान बदमाश ने चालाकी से पीड़ित का संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद पीड़ित का मोबाइल अचानक हैंग हो गया। मोबाइल रीस्टार्ट होने पर स्वरूप सहाय ने देखा कि उनके खाते के माध्यम से किसी Vishal (PhonePe) नामक व्यक्ति को ₹90,000 ट्रांसफर कर दिए गए हैं।स्वरूप सहाय ने बताया कि यह लेन-देन उनकी जानकारी और अनुमति के बिना किया गया है, जो स्पष्ट रूप से साइबर ठगी है। उन्होंने पुलिस से ठगों के मोबाइल नंबर, UPI ID और बैंक खाते की जांच कर दोषियों को पकड़ने तथा उनके खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।










