सेवती डैम की फर्जी बंदोबस्ती के खिलाफ ग्रामीणों का मत्स्य कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन

 

मनातू पलामू: पलामू जिला के तरहसी प्रखंड स्थित सेवती डैम की फर्जी बंदोबस्ती और मत्स्य पट्टा आवंटन में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। इसी को लेकर सोमवार को जलाशय मत्स्य जीवि सहयोग समिति लिमिटेड, सेवती से जुड़े 29 ग्रामीण सदस्यों ने जिला मत्स्य कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि नियम-कानून को दरकिनार करते हुए फर्जी तरीके से एक व्यक्ति को डैम की बंदोबस्ती सौंप दी गई है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों की मोबाइल पर जिला मत्स्य पदाधिकारी कमरू जमा से बातचीत हुई। उन्होंने 20 नवंबर को सभी ग्रामीणों को कार्यालय आने का आग्रह किया और समस्या सुनकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिकायत में ग्रामीणों ने बताया कि सेवती डैम क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय और 2032 तक विधिवत निबंधित “जलाशय मत्स्य जीवि सहयोग समिति लिमिटेड, तरहसी” को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। इसके स्थान पर फर्जी तरीके से “तारा समूह-एसएचजी” नाम से एक नया समानान्तर समूह गठित कर मत्स्य पट्टा हासिल करने की कोशिश की गई। ग्रामीणों के अनुसार समिति के सचिव विनय चन्द्रवंशी और विभाग के कुछ पदाधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल रचा गया, जो भ्रष्टाचार और विभागीय लापरवाही का स्पष्ट संकेत है।
ग्रामीणों ने मांग की कि अवैध रूप से गठित तारा समूह-एसएचजी की तत्काल जांच की जाए, साथ ही दर्ज समिति को प्राथमिकता देते हुए उसका कानूनी अधिकार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *