स्कूली बच्चों ने देखा विधानसभा का कामकाज, स्पीकर ने करियर से पहले चरित्र बनाने की दी सलाह कांके।
रांची के अनीता बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने विधानसभा पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चलने वाले विधानसभा के कामकाज को नजदीक से देखा.
स्कूल के माहौल से दूर जब बच्चे विधानसभा पहुंचे तो उससे पहले उनके मन में तरह तरह के सवाल रहते हैं. बच्चे कल तक जो बातें किताबों में पढ़ रहे थे लेकिन जब उसी स्थान को वह अपनी आंखों से देख ले तो वो दिन बच्चों के लिए यादगार बन जाता है. कुछ ऐसा ही अनुभव मंगलवार को रांची के स्कूली बच्चों के लिए रहा.
10वीं क्लास के बच्चों ने किया विधानसभा का भ्रमण
इन बच्चों के आने से झारखंड विधानसभा का माहौल भी बेहद खास रहा क्योंकि विधानसभा के परिसर में मौजूद थे रांची के अनीता बालिका उच्च विद्यालय की, वो छात्राएं जो कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर आगे करियर के बारे में सोच रही हैं. विधानसभा पहुंची इन छात्राओं ने न सिर्फ सदन के कामकाज को करीब से देखा बल्कि विधानसभा अध्यक्ष से सीधी बातचीत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बारीकी से समझा.
छात्राओं को विधानसभा की कार्यवाही की जानकारी देते स्पीकर रवींद्रनाथ महतो अध्यक्ष ने बताई विधानसभा की कार्यवाही
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने भी बच्चों का खुलेमन से स्वागत करते हुए उन्हें लोकतंत्र, चरित्र निर्माण और व्यावहारिक शिक्षा की अहमियत बताई. उन्होंने कहा कि ज्ञान के साथ-साथ अच्छा चरित्र बनाना ही एक बेहतर नागरिक की पहचान होती है.
विधानसभा पहुंची स्कूल की छात्राएं
विधानसभा देखकर खुश हुईं छात्राएं
अपने स्कूल की प्रधानाध्यापक सिस्टर रजनी कंचन कुजूर के साथ विधानसभा पहुंची इन बच्चियों ने कहा कि अब समझ में आया कि लोकतंत्र कैसे चलता है? जिसे हम अब तक किताबों में पढ़ते थे. इस मौके पर स्कूल की प्राचार्य ने कहा कि हर साल के वार्षिक शैक्षणिक कार्यक्रम के तहत वे कक्षा 10वीं के बच्चों को विधानसभा का दौरा करवाती हैं, ताकि बच्चे सिर्फ किताबों में नहीं बल्कि वास्तविक रूप से लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनी आंखों से देख सके.
बच्चों ने जाना कैसे काम करती है लोकतांत्रिक प्रक्रिया–
उन्होंने बताया कि विधानसभा की भव्यता देखकर बच्चे बेहद उत्साहित हैं और यह अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा. इधर बच्चियों ने भी आज के अनुभव को अपने लिए बेहद खास माना है. छात्रा रीतिका बताती हैं कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा दिए गए विचार खासकर चरित्र निर्माण को लेकर उनके लिए प्रेरणादायक हैं. उन्होंने कहा कि आज उन्होंने जो जाना है जैसे कानून कैसे बनते हैं, कैसे पास होते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया वास्तव में कैसे काम करती है।










