बाजार समिति में पोलिंग पार्टी डिस्पैच व मतगणना तैयारियों का निरीक्षण

पाकुड़।नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मनीष कुमार तथा पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बाजार समिति स्थित पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर एवं मतगणना सह वज्रगृह केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम, पार्किंग स्थल एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों को सामग्री वितरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न हो। इसके लिए स्पष्ट काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज एवं सहायता काउंटर सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्ट्रांग रूम के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास नियंत्रण तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। वाहन आवागमन सुचारु रखने, पोलिंग पार्टियों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग, स्पष्ट रूट चार्ट एवं प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार रखने पर जोर दिया गया, ताकि डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक कड़ी को गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ संपन्न करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिला प्रशासन द्वारा नगरपालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *