बरहरवा रेलवे स्टेशन पर पांच नाबालिग बालकों का रेस्क्यू
साहिबगंज/बरहरवा। साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के स्टाफ द्वारा शुक्रवार को स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में गहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पांच नाबालिग बालक असुरक्षित परिस्थिति में पाए गए।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी नाबालिग बालकों को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया। इसके उपरांत आवश्यक औपचारिकताओं की पूर्ति करते हुए रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को आगे की देखभाल एवं वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई, बल्कि रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता भी प्रदर्शित हुई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असुरक्षित स्थिति में पाए जाने वाले बच्चों की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।बताते चले कि ये जानकारी मालदा रेल मंडल ने शनिवार को प्रेस रिलीज जारी कर बताया है।









