जीसीजेडी हाई स्कूल मुसाबनी में तंबाकू विरोधी जागरूकता कार्यक्रम, सैकड़ों छात्र-छात्राओं को बताया गया तंबाकू का खतरनाक सच
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डॉक्टर विवेक कुमार मिश्रा ने दी तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों व बचाव की विस्तृत जानकारी, प्रतियोगिता में सफल छात्रों को किया गया सम्मानितमुसाबनी। जीसीजेडी हाई स्कूल मुसाबनी में बुधवार को तंबाकू विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जीसीजेडी हाई स्कूल के प्रिंसिपल मुरारी प्रसाद सिंह ने किया. इस कार्यक्रम में सीएचसी केंदाडीह, मुसाबनी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को तंबाकू, सिगरेट, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी।
डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को बताया कि तंबाकू का सेवन न केवल मुंह, फेफड़े और गले के कैंसर का कारण बनता है, बल्कि हृदय रोग, सांस की बीमारी, दांतों व मसूड़ों की गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न करता है। उन्होंने यह भी कहा कि कम उम्र में तंबाकू की लत भविष्य को अंधकारमय बना सकती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से तंबाकू से होने वाली बीमारियों से संबंधित चित्र व दृश्य दिखाए गए, जिससे छात्र-छात्राओं को इसके दुष्प्रभावों को आसानी से समझने में मदद मिली। साथ ही तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण सत्र के उपरांत विद्यार्थियों के बीच एक लिखित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें तंबाकू के दुष्परिणामों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम में स्कूल के संस्थापक कुंदन कुमार सिंह, शिव पूजन सिंह, सोमेश्वर झा, निमाई मार्डी, किरण कुमारी, अल्पना सिंह आदि उपस्थित थे.









