शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण

मनिका लातेहार मनिका।बरवाडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित होने जा रहे शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण और उत्साह का संचार हो गया है। ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान 22 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक विविध कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा।
समारोह की शुरुआत 22 फरवरी (रविवार) को विधिवत संध्या हनुमंत पूजा के साथ होगी। इसके पश्चात 23 फरवरी (सोमवार) को 24 घंटे का अखंड पाठ प्रारंभ किया जाएगा। 24 फरवरी (मंगलवार) को अखंड पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत औरंगा नदी, तासडीह से शिव मंदिर तक भव्य जल यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
25 फरवरी (बुधवार) को धार्मिक वातावरण के बीच नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 26 फरवरी (गुरुवार) को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। समारोह का समापन 27 फरवरी (शुक्रवार) को भव्य भंडारा के आयोजन के साथ किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूती प्रदान करेगा। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इस पावन आयोजन के सफल संचालन में ग्राम बरवाडीह, सेमरी एवं तासडीह के समस्त ग्रामीण जनता का सहयोग सराहनीय बताया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *