मंडल अध्यक्ष अजय पासवान के नेतृत्व में भुरकुंडा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना केंद्रीय बजट 2026-27
भुरकुंडा।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान के नेतृत्व में भाजपा मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने बजट को बुनियादी ढांचा, कृषि और समग्र विकास पर केंद्रित दूरदर्शी बजट करार दिया। बजट में देश के विकास को गति देने के उद्देश्य से 12.2 लाख करोड़ रुपये के सार्वजनिक पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है। वहीं कृषि क्षेत्र के लिए 1.37 लाख करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम माना गया। नारियल, चंदन एवं काजू जैसी फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाओं को भी बजट में शामिल किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आम जनता को राहत देते हुए कैंसर से संबंधित 17 दवाओं एवं अन्य दुर्लभ बीमारियों की दवाओं पर कस्टम ड्यूटी में कटौती की गई है, जिससे इलाज सस्ता होने की उम्मीद है। इसके साथ ही रोजगार और शिक्षा के बेहतर समन्वय के लिए पांच प्रमुख औद्योगिक केंद्रों के समीप यूनिवर्सिटी टाउनशिप स्थापित करने की घोषणा को ऐतिहासिक बताया गया। रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर रिस्क गारंटी फंड की स्थापना को भी बजट की बड़ी उपलब्धि बताया गया। साथ ही यह पहली बार है जब आम बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया गया। मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि यह बजट आम आदमी के हित में है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, टैक्स प्रणाली सरल होगी तथा सड़क, रेल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ-साथ यह बजट महंगाई पर नियंत्रण और आर्थिक स्थिरता को भी मजबूती देगा। कार्यकर्ताओं ने इसे ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को साकार करने वाला बजट बताया।
इस अवसर पर अजय पासवान, योगेश दांगी, अशोक सोनी, महेंद्र सिंह, ज्योति सिंह, अमरेश सिंह, बाबूलाल नायक, बिनोद सिंह, जनार्दन सिंह, उमेश सिंह, अभिषेक मिश्रा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।










