अंचल अधिकारी के सख्त तेवर से कांपे अतिक्रमणकारी, शनिवार को जेसीबी कार्रवाई से मनिका में मचा हड़कंप

मनिका लातेहार मनिका ।प्रखंड में सरकारी जमीन पर वर्षों से जमे अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को आर-पार की निर्णायक कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दे दिया है। अंचल अधिकारी अमन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत जेसीबी मशीन से बड़े पैमाने पर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
शनिवार की इस सख्त कार्रवाई के दौरान पचपेड़ी चौक से लेकर प्रखंड कार्यालय के आसपास, बंदुवा रोड सहित ग्रामीण विकास विभाग की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया गया। सड़क किनारे और सरकारी जमीन पर बने अवैध ढांचे जेसीबी से तोड़कर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई होते ही अवैध कब्जाधारियों में दहशत फैल गई और कई लोग मौके से खिसकते नजर आए।
प्रशासन ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान किसी दबाव, सिफारिश या राजनीतिक संरक्षण से रुकने वाला नहीं है। सरकारी जमीन पर कब्जा करना कानून का सीधा उल्लंघन है और इससे आम जनता की आवाजाही के साथ-साथ विकास कार्यों में भी गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती के साथ लगातार कार्रवाई का निर्णय लिया है।
अंचल अधिकारी अमन कुमार ने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने की कोशिश की, तो बिना किसी पूर्व सूचना के सीधी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि अतिक्रमणकारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के साथ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती का असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। कई अतिक्रमणकारी भय के कारण स्वयं ही अपने अवैध ढांचे हटाने को मजबूर हो गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्त पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित, कानून व्यवस्था और विकास की दिशा में एक मजबूत और जरूरी कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *