मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से झारखंड में होगा निवेश- सुदीव्य सोनू

कोडरमा। नगर विकास और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मंगलवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने कोडरमा पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेश दौरे को झारखंड के विकास के लिए काफी अहम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार की शाम वापस राजधानी रांची लौटे हैं। दाबोस समेत क्षेत्र का भ्रमण कर उन्होंने विदेशी निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया है और विदेशी इन्वेस्टर भी मुख्यमंत्री की बातों से सहमत होकर राज्य में निवेश के लिए काफी उत्सुक दिखे हैं। कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर विदेशी निवेशको के साथ रणनीति तैयार कर ली गई है। इधर, मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को लेकर भाजपा के द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सवाल उठा रही है, तो उसे भी 11 सालों का हिसाब किताब देना होगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद न सिर्फ सत्ता का विकेंद्रीकरण होगा, बल्कि शहर की सरकार बनने से राज्य में विकास की गति और तेज होगी। वहीं दूसरी तरफ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का संभावित कोडरमा दौरा भी 5 फरवरी को होने वाला है, जिसकी समीक्षा को लेकर वे यहां पहुंचे हैं और अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री के संभावित कोडरमा दौरे को लेकर कार्यक्रम तय किया जा रहा हैं। कोडरमा पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में डीसी ऋतुराज और एसपी अनुदीप सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *