91वें उर्स पर बुढ़वा बाबा के आस्ताने पर सजेगा कव्वाली का ऐतिहासिक
पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित महान सूफी संत हज़रत अब्दुर्रहमान शाह दाता उर्फ़ बुढ़वा बाबा के पवित्र मज़ार परिसर में आगामी 25 जनवरी को 91वां सालाना उर्स अकीदत, मोहब्बत और रूहानियत के माहौल में आयोजित किया जाएगा। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, बुढ़वा बाबा के दरबार से आज तक कोई भी फरियादी खाली हाथ नहीं लौटा है।
इस साल का उर्स खास तौर पर कव्वाली प्रेमियों के लिए यादगार बनने जा रहा है। देश के चर्चित कव्वाल अज़मत आफताब वारसी और इंतज़ार साबरी के बीच होने वाला कव्वाली मुकाबला सूफियाना कलाम और रूहानी जज़्बात से पूरे माहौल को सराबोर कर देगा। देर शाम तक चलने वाली इस कव्वाली महफ़िल में इश्क़-ए-हक़ीक़ी और सूफी परंपरा की झलक देखने को मिलेगी।
पावन आयोजन का उद्घाटन युवा समाजसेवी गौतम सिंह उर्फ़ डब्लू सिंह एवं युवा समाजसेवी आयुष तिर्की उर्फ़ राजू तिर्की संयुक्त रूप से करेंगे। आयोजन समिति की ओर से जानकारी देते हुए प्रखंड सदर फिरोज अंसारी एवं मिल्लते इस्लामिया कमिटी के सदर हफीज़ुर्रहमान ने बताया कि उर्स को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।
उर्स को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। दूर-दराज़ इलाकों से बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बुढ़वा बाबा का यह उर्स न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि आपसी भाईचारे, गंगा-जमुनी तहज़ीब और सूफी विचारधारा की जीवंत मिसाल भी प्रस्तुत करता है।
इस मौके पर उप-मुखिया सह समाजसेवी हेमायूं खान, नसीम राजा, अकबर खान,मुन्ना खान, गुड्डू टाइगर, अशरफ़ खान, मुज़फ़्फ़र खान, चंगेज खान, इस्तेखार खान, अरमान खान सहित आयोजन समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।










