10 एकड़ अवैध अफीम पोस्ता की खेती नष्ट, प्रशासन का सख्त अभियान

 

छतरपुर (पलामू): नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहार राज्य से सटे सीमावर्ती जंगली इलाके में अवैध अफीम पोस्ता की खेती के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी छतरपुर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में लगी अवैध अफीम पोस्ता की फसल को ट्रैक्टर एवं डंडों की मदद से पूर्ण रूप से विनष्ट किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक छतरपुर अंचल, नौडीहा बाजार थाना, कुहकुहकला थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी, साथ ही छतरपुर पूर्वी वन प्रक्षेत्र के पदाधिकारी एवं वनकर्मी शामिल रहे। अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र की सघन निगरानी की गई तथा अवैध मादक पदार्थों की खेती करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की अवैध खेती किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे अवैध गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *