आर्म्ड फ़ोर्स वेटरन डे पर रक्षा राज्य मंत्री के हाथों सम्मानित हुए शौर्य चक्र विजेता मो. जावेद

रांची के केरकेट्टा ऑडिटोरियम में आर्म्ड फोर्स वेटरन डे मनाया गया। इस मौके पर रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शौर्य चक्र से सम्मानित घाटशिला निवासी और भारतीय वायुसेना के एक्स वारंट ऑफिसर मो जावेद को सम्मानित किया। मंत्री संजय सेठ ने शौर्य चक्र से सम्मानित मो जावेद को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं अन्य उपहार भेंट कर सम्मानित किया। शौर्य चक्र से सम्मानित मो जावेद का सम्मान होने से घाटशिलावासियों के बीच ख़ुशी देखने को मिल रही है। मालूम हो कि प्रत्येक वर्ष 14 जनवरी को भारत में आर्म्ड फोर्स वेटरन डे मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1953 को भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ और फील्ड मार्शल केएम करियप्पा सेवानिवृत्त हुए। केएम करियप्पा समेत देश के अन्य सेवानिवृत्त युद्ध दिग्गजों के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से ही 14 जनवरी को आर्म्ड फोर्स वेटरन डे के रुप में सेलिब्रेट किया जाता है।
रांची में आयोजित समारोह में शौर्य चक्र से सम्मानित घाटशिला निवासी मो जावेद के साथ ही सिमडेगा निवासी व वीर चक्र से सम्मानित विनीत किड़ों और गुमला निवासी शौर्य चक्र से सम्मानित करम उरांव तथा 24 वीर नारियों को भी सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ ग्राउंड ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ “पराक्रम” लेफ्टिनेंट जनरल वाईएस अहलावत, ग्राउंड ऑफिसर कमांडिंग रांची जोन मेज़र जनरल एसएस मान समेत सेना के कई वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *