जवाहर नवोदय विद्यालय तेलियापोखर में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
जवाहर नवोदय विद्यालय तेलियापोखर के शैक्षणिक भवन स्थित प्राचार्य कक्ष में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं, अधोसंरचना विकास, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विद्यालय में जलापूर्ति एवं चापाकल से संबंधित समस्या से उपायुक्त को अवगत कराया गया। इस पर उपायुक्त ने पीएचईडी विभाग को अग्रेतर कार्रवाई हेतु पत्राचार के माध्यम से सूचित करने का निर्देश दिया, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
विद्यालय परिसर में पीसीसी सड़क निर्माण पर जोर….
विद्यालय परिसर में पीसीसी सड़क निर्माण के संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुमानित व्यय का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्यपालक अभियंता द्वारा जांच कर तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही इस विषय में नवोदय विद्यालय समिति को भी आधिकारिक पत्र के माध्यम से अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
सौर लैंप एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार….
विद्यालय परिसर में सौर लैंप की व्यवस्था को अत्यंत आवश्यक बताते हुए उपायुक्त ने इस कार्य को तत्काल प्रभाव से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। विद्युत आपूर्ति से संबंधित अनियमितता के मुद्दे पर उन्होंने निर्देश दिया कि प्राचार्य अपने स्तर से विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को प्रस्ताव प्रेषित कर प्राक्कलन प्राप्त करें, ताकि ग्रामीण फीडर से शहरी फीडर में परिवर्तन सहित समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
चहारदीवारी का उच्चीकरण एवं खेल मैदान का समतलीकरण….
विद्यालय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने चहारदीवारी के उच्चीकरण हेतु सीपीडब्ल्यूडी को भुगतान आधार पर प्राक्कलन मांगने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों के खेल मैदान के समतलीकरण हेतु जेसीबी की व्यवस्था कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
हाई मास्क लाइटिंग की व्यवस्था पर पुनर्विचार….
विद्यालय में दो हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था के संबंध में उपायुक्त ने बताया कि पूर्व में स्वीकृत प्रस्ताव किसी कारणवश निरस्त हो गया था, तथापि विद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए इस विषय पर पुनः विचार कर अग्रेतर कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।
अभिभावक विश्राम कक्ष एवं सभागार शेड निर्माण….
अभिभावक विश्राम कक्ष की आवश्यकता को स्वीकार करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग को पत्र प्रेषित कर कार्य प्रारंभ किया जाए। विद्यालय सभागार के पूर्ण शेड निर्माण को भी अत्यंत आवश्यक बताते हुए उन्होंने इस कार्य को तत्काल प्रभाव से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
विद्यालय में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश….
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने मौसम के प्रभाव को देखते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र द्वारा विद्यालय में आरबीएसके कैंप (डॉक्टरों की टीम) आयोजित कराने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय में डॉक्टर के साप्ताहिक निरीक्षण एवं दौरे को सुनिश्चित करने हेतु उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन पाकुड़ को पत्र जारी करने का निर्देश दिया, ताकि 15 जनवरी से पूर्व आवश्यक कार्रवाई पूरी हो सके।
भोजनालय एवं मेस की गुणवत्ता जांच….
बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा मेस मेन्यू एवं भोजन की जांच कराने का निर्देश दिया। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि विद्यार्थियों को पोषणयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के समग्र विकास, सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है, और विद्यालय से संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा।










