अनमोल बचपन प्ले स्कूल में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय युवा दिवस

भुरकुंडा।स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती के अवसर पर अनमोल बचपन प्ले स्कूल एसएससी कैंपस में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी से लेकर कक्षा छह तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर संस्था के निदेशक अवधेश कुमार सिंह बच्चों को बताया कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास, राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करना और अपनी जिम्मेदारियों को पहचानना ही इस दिवस का मुख्य उद्देश्य है। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। उनका वास्तविक नाम नरेंद्र नाथ दत्त था और वे अपने गुरु श्रीरामकृष्ण परमहंस से अत्यंत प्रभावित थे। उन्होंने भारतीय संस्कृति और वेदांत का विश्व पटल पर गौरव बढ़ाया। वर्ष 1893 में शिकागो विश्व धर्म महासभा में उनके ऐतिहासिक भाषण की आज भी चर्चा होती है। निदेशक श्री सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक है। उन्होंने युवाओं से नशा, आलस्य और नकारात्मक सोच से दूर रहने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों को सूर्य नमस्कार सहित योगाभ्यास कराया गया। योग के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाएं उर्मिला कुमारी, नमिता मिश्रा, भूमि कुमारी, दिव्या कुमारी, तारा कुमारी, नैना कुमारी, निधि सिंह, बिपाशा कुमारी, सुशीला एंथोनी एवं पूर्णिमा कुमारी का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *