वेतन व पेमेंट स्लिप नहीं मिलने पर मजदूरों का आक्रोश
भुरकुंडा।बरका-सायल क्षेत्र के सौंदा ‘बी’ साइडिंग में कार्यरत थर्ड पार्टी सैंपलिंग एवं प्रिपरेशन कंपनी द्वारा कम वेतन भुगतान और पेमेंट स्लिप नहीं देने को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया। इसी के विरोध में अखिल झारखंड कोयला श्रमिक संघ के महामंत्री सतीश सिन्हा के आह्वान पर सोमवार से सभी मजदूरों ने काम बंद करा दिया। महामंत्री सतीश सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में पहले ही प्रबंधन को आवेदन दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाई पावर कमेटी के अनुसार वेतन और नियमित पेमेंट स्लिप जब तक मजदूरों को नहीं मिलती, तब तक थर्ड पार्टी सैंपलिंग एवं प्रिपरेशन का काम पूरी तरह बंद रहेगा। मौके पर यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव राम, क्षेत्रीय सचिव संजय मिश्र, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिन्हा, क्षेत्रीय वेलफेयर बोर्ड मेंबर कमलेश कुमार, क्षेत्रीय सह सचिव सनी कुमार, उरीमारी शाखा अध्यक्ष अनिल राम सहित अजय कुमार, राजीव रंजन रॉय, विनोद कुमार, दीपक कुमार, आमोद कुमार सिन्हा, जगदीश भुइयां, ब्रजेश कुमार, मंजूर आलम, परवेज आलम, हमीर अंसारी, ऋतिक बाउरी, शीतल करमाली, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, संजय, विक्रांत पांडये समेत मजदूर व यूनियन के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।










