शनिवार रात्रि राजकीय मध्य विद्यालय महेशरा में चोरी, लाखों के शैक्षणिक उपकरण गायब
दारू (हजारीबाग): शनिवार की रात्रि राजकीय मध्य विद्यालय महेशरा में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना का अंजाम दिया।चोरों ने विद्यालय में घुसकर लाखों रुपये मूल्य के शैक्षणिक एवं तकनीकी उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। रविवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने विद्यालय में संदिग्ध स्थिति देख प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुमारी रंजू को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापिका विद्यालय पहुंचीं, जहां कमरों के ताले टूटे हुए पाए गए। जांच के दौरान सामने आया कि चोर विद्यालय से टेप, स्मार्ट टीवी, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, स्पीकर, हेडफोन, आईआर कैमरा, स्मार्ट पेन, रिमोट, हथौड़ा, स्क्रूड्राइवर, दीपज्योति स्टैंड सहित कई अन्य महत्वपूर्ण सामग्री चोरी कर ले गए हैं।घटना की जानकारी तत्काल संबंधित थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही चोरों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस चोरी की घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। वहीं, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से विद्यालयों की सुरक्षा बढ़ाने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।










