सरस्वती विद्या मंदिर में द्वितीय सप्तशक्ति संगम 2026 का सफल आयोजन

नर्मदेश्वर तिवारी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, शिवपुरी कॉलोनी, जपला परिसर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में द्वितीय सप्तशक्ति संगम–2026 कार्यक्रम का भव्य, अनुशासित एवं सार्थक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से महिलाओं के सर्वांगीण विकास, आत्मबोध तथा सामाजिक सशक्तिकरण को लक्ष्य बनाकर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गढ़वा जिला संयोजिका आरती श्रीवास्तव, विद्यालय संयोजिका, भवनाथपुर नगरी एवं मुख्य वक्ता विभा पाण्डेय, विद्यालय संयोजिका छाया कुमारी तथा शहर की महिला चिकित्सक ममता मिश्रा द्वारा माँ सरस्वती, चराचर जगत में व्याप्त ऊँ एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया गया। शुभारंभ के साथ ही संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, ऊर्जा एवं सकारात्मक चेतना से अनुप्राणित हो उठा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सप्तशक्ति—श्री, वाक्, स्मृति, मेधा, घृति, क्षमा एवं कीर्ति—को जागृत कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना रहा। वक्ताओं ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में इन सात शक्तियों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जब नारी इन गुणों से संपन्न होती है, तब परिवार, समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त हो जाते हैं।इस अवसर पर क्षेत्र की लगभग 256 माताओं-बहनों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मातृशक्ति में आत्मविश्वास, संगठन भावना तथा राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध का स्पष्ट भाव परिलक्षित हुआ। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक बताया।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के उद्देश्य से उपस्थित माताओं-बहनों के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सही उत्तर देने वाली 10 महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में हर्षदा चौबे, श्वेता दूबे, दीप्ति सिन्हा, अनिता सिंह, सुषमा गुप्ता,उषा कुमारी, अनुराधा मेहता एवं अरुणा पाण्डेय का सराहनीय योगदान रहा। उनके समर्पण, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली रूप में संपन्न हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *