मां चंचला त्रिदिवसीय तेरहवां वार्षिक महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने हेतु वरिष्ठजनों का सम्मान व परामर्श बैठक आयोजित
जामताड़ा। मां चंचला त्रिदिवसीय तेरहवां वार्षिक महोत्सव को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से शनिवार को गांधी मैदान के समीप वेल्सन मार्ट के बेसमेंट में मां चंचला महोत्सव समिति के तत्वावधान में वरिष्ठजनों का सम्मान एवं परामर्श समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वर्षों से महोत्सव को दिशा देने वाले जामताड़ा के सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद, मार्गदर्शन एवं सुझाव प्राप्त करना था।
कार्यक्रम में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर बहनों द्वारा सभी वरिष्ठजनों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समिति अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने सभी वरिष्ठजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा मां चंचला का बैच एवं पट्टा प्रदान किया।
अपने संबोधन में वीरेंद्र मंडल ने आगामी 16 जनवरी को आयोजित भव्य कलश शोभा यात्रा में वरिष्ठजनों से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष कलश यात्रा में सबसे आगे वरिष्ठजनों की टोली धार्मिक ध्वज-पताका के साथ चलती है, जो महोत्सव की गरिमा को और ऊंचाई प्रदान करती है। महोत्सव के उपलक्ष्य में 15, 16 एवं 17 जनवरी की संध्या दीपोत्सव मनाने हेतु वरिष्ठजनों के बीच मिट्टी के दीपक भी वितरित किए गए।
बैठक के दौरान महोत्सव 2026 की रूपरेखा प्रस्तुत की गई तथा वरिष्ठजनों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए। वीरेंद्र मंडल ने कहा कि मां चंचला के आशीर्वाद, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन एवं समस्त जामताड़ा वासियों के सहयोग से इस वर्ष का तेरहवां महोत्सव पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक होगा।
इस वर्ष महोत्सव को लेकर जिलेभर में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। अनुमान है कि 16 जनवरी को आयोजित कलश शोभा यात्रा में 40 हजार से अधिक माताएं-बहनें सहित लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। 17 एवं 18 जनवरी को मां चंचला मंदिर परिसर में वैदिक अनुष्ठान, पूजन एवं भक्ति जागरण का आयोजन होगा। शहर को धार्मिक नगरी का स्वरूप देने हेतु आकर्षक लाइटिंग, तोरण द्वार एवं ध्वज लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठजन एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।










