आमंत्रण – भक्तों के द्वार” कार्यक्रम के तहत मिहिजाम में भव्य बैठक, मां चंचला महोत्सव को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह
मां चंचला त्रिदिवसीय त्रयोदस वार्षिक महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से महोत्सव समिति के तत्वावधान में जिले भर में “आमंत्रण – भक्तों के द्वार” कार्यक्रम लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मिहिजाम नगर अंतर्गत गायत्री मंदिर परिसर में एक भव्य और महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मिहिजाम नगर की बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, प्रबुद्धजन, स्वयंसेवक एवं भक्तजन उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल शामिल हुए। उनके पहुंचते ही भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण मां चंचला के जयकारों से भक्तिमय हो गया। बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि प्रतिवर्ष मां चंचला महोत्सव के अवसर पर निकलने वाली कलश शोभा यात्रा में मिहिजाम नगर से हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं और इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में सहभागिता की संभावना है।
महोत्सव समिति ने बताया कि तेरहवें महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए जामताड़ा नगर, नारायणपुर, कर्माटांड़, नाला, कुंडहित, फतेहपुर, बागडहरी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बैठकें की जा रही हैं, जहां भक्तों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
बैठक को संबोधित करते हुए वीरेंद्र मंडल ने कहा कि ‘आमंत्रण – भक्तों के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से हर क्षेत्र के भक्तों से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को आयोजित कलश शोभा यात्रा में 40 हजार से अधिक माताएं-बहनें कलश उठाने की संभावना है। इसे लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव को लेकर जामताड़ा शहर को धार्मिक नगरी के रूप में सजाया जा रहा है। साथ ही “घर-घर दीप जलाएंगे, माता का महोत्सव मनाएंगे” अभियान के तहत 15, 16 और 17 जनवरी को दीपोत्सव मनाने की अपील की गई है। बैठक में बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।










