जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन पद से विमुक्त, अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में पड़े 18 मत

जामताड़ा जिला परिषद की वर्तमान अध्यक्ष श्रीमती राधारानी सोरेन के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में चर्चा एवं मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। यह पूरी कार्रवाई पीठासीन पदाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा.प्र.से.) की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक की संपूर्ण कार्यवाही की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

पीठासीन पदाधिकारी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव की कार्यवाही के दौरान उपस्थित सदस्यों को विभागीय संकल्प में वर्णित प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके पश्चात नियमानुसार मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बैठक में कुल 20 सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें कुल 19 वैध मत पड़े। इनमें से 18 मत अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में पड़े, जबकि एक मत ब्लैंक रहा। मतदान परिणाम के आधार पर वर्तमान जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती राधारानी सोरेन को तत्काल प्रभाव से अध्यक्ष पद से विमुक्त कर दिया गया।

उपायुक्त श्री रवि आनंद ने बताया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है। विभागीय नियमों के अनुसार अब जल्द ही नए जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गौरतलब है कि जिला परिषद में कुल 23 सदस्यों को मतदान करना था, जिसमें एक जिला परिषद सदस्य के निधन के कारण एक पद रिक्त था। मतदान प्रक्रिया में माननीय सांसद दुमका श्री नलिन सोरेन एवं माननीय मंत्री सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री पंकज कुमार रवि, जिला परिषद सदस्यगण, प्रखंड प्रमुख सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे कार्यवाही निर्विघ्न रूप से पूरी हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *