नगर निकाय चुनाव में देरी के खिलाफ भाजपा का महाधरना, EVM व दलीय आधार पर चुनाव की उठी मांग

राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में हो रही देरी के विरोध में तथा चुनाव की तिथियों की तत्काल घोषणा, दलीय आधार पर चुनाव कराने और मतदान में ईवीएम के प्रयोग की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में मिहिजाम स्टेशन चौक पर एकदिवसीय महाधरना आयोजित किया गया। महाधरना में मुख्य वक्ता के रूप में झारखंड सरकार में रहे पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटूल उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता सत्यानंद झा बाटूल ने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और अधिकारियों को खुली छूट दी गई है। नगर निकायों में चुनाव नहीं होने के कारण जनप्रतिनिधियों का अभाव है, जिससे अधिकारी बेलगाम होकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा 5 से 7 तारीख तक राज्यभर में नगर परिषद, नगर निगम और नगर पंचायत क्षेत्रों में महाधरना कर रही है, जिसमें तीन प्रमुख मांगें हैं—अभिलंब चुनाव, ईवीएम से चुनाव और दलीय आधार पर चुनाव।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। जामताड़ा सहित पूरे राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार की कथनी ही अपराधियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि दलीय आधार पर चुनाव होने से जनता को सही विचारधारा चुनने का अवसर मिलता है, जबकि निर्दलीय चुनाव में पैसे का खेल हावी हो जाता है।

मिहिजाम नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष कमल गुप्ता ने कहा कि नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की साजिश हो रही है, जबकि भाजपा ईवीएम से ही चुनाव चाहती है। कार्यक्रम प्रभारी सुरेश राय, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष बालमुकुंद दास सहित अन्य वक्ताओं ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला।

महाधरना में भाजपा के जिला व प्रदेश स्तर के कई नेता, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा तथा सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *