हाथियों के कारण रेल सेवा पर लगा ब्रेक, कल तक कई ट्रेन कैंसिल

टाटानगर रेल मंडल से होकर सफर करने वालों के लिए यह खबर जानना बेहद जरूरी है. जंगल के इलाकों में हाथियों की लगातार आवाजाही ने रेलवे की चिंता बढ़ा दी है. इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर 7 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक कई MEMU और पैसेंजर ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का फैसला लिया है.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक चक्रधरपुर रेल मंडल के कुछ संवेदनशील सेक्शन ऐसे हैं, जहां जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है. ऐसे हालात में ट्रेनों का संचालन जोखिम भरा हो सकता है. किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है.

इन तीन दिनों के दौरान टाटानगर-बड़बिल-टाटानगर MEMU ट्रेन संख्या 68125 और 68126 दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी. रोजाना इस रूट से सफर करने वाले यात्रियों को थोड़ी परेशानी हो सकती है.

इसके अलावा चक्रधरपुर-टाटानगर-खड़गपुर-टाटानगर-चक्रधरपुर MEMU ट्रेन संख्या 68010, 68009, 68006 और 68011 भी 7 से 9 जनवरी 2026 तक पूरी तरह रद्द रहेगी. यह ट्रेन टाटानगर को चक्रधरपुर और खड़गपुर से जोड़ती है.

टाटानगर-गुआ-टाटानगर MEMU ट्रेन संख्या 68019 और 68020 भी इन तीन दिनों तक नहीं चलेगी. वहीं टाटानगर-राउरकेला-टाटानगर MEMU ट्रेन संख्या 68043 और 68044, जो औद्योगिक इलाकों को जोड़ने वाली एक अहम सेवा है, उसे भी 7 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक रद्द कर दिया गया है.

झारखंड और ओडिशा के बीच चलने वाली झारसुगुड़ा-हटिया-झारसुगुड़ा MEMU ट्रेन संख्या 18176 और 18175 भी अस्थायी रूप से रद्द रहेगी. इसके साथ ही बड़ामपहाड़-बंगिरिपोसी बड़ामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन संख्या 58151 और 58152 का परिचालन भी तीन दिनों तक नहीं होगा.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से साफ अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने स्टेशन से या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें. यह फैसला हाथियों की सुरक्षा के साथ साथ यात्रियों की जान माल को सुरक्षित रखने के लिए लिया गया है. इसलिए कोई भी यात्रा प्लान करने से पहले पूरी जानकारी जरूर जुटा लें, ताकि बाद में परेशानी न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *