NH निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, सांसद प्रतिनिधि छोटू राजा का एक हफ्ते का अल्टीमेटम
मनिका लातेहार। जिले में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सड़क निर्माण कार्य में संवेदक कंपनी द्वारा गंभीर अनियमितताएं बरतने और स्थानीय हितों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए सांसद प्रतिनिधि एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष छोटू राजा ने कड़ा रुख अपनाया है।
मीडिया को संबोधित करते हुए छोटू राजा ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं के शोषण, नियमों की अनदेखी और कानून को ताक पर रखकर किया गया कार्य किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को पत्र सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रशासन के समक्ष उठाए गए प्रमुख मुद्दे:
स्थानीय रोजगार की अनदेखी:
संवेदक कंपनी द्वारा 75 प्रतिशत स्थानीय नियोजन नीति की खुलेआम अवहेलना करते हुए बाहरी राज्यों के मजदूरों से काम कराया जा रहा है, जबकि स्थानीय युवा बेरोजगार घूम रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल:
बाहर से लाए गए सैकड़ों मजदूरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया है। किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? इसको लेकर श्रमिक शिविर की जांच की मांग की गई है।
ग्रामीण सड़कों को नुकसान:
भारी ओवरलोड वाहनों के परिचालन से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
अवैध खनन और राजस्व हानि:
मिट्टी और मुरम के नाम पर सरकारी एवं रैयती जमीनों से अवैध उठाव किया जा रहा है। बिना रॉयल्टी भुगतान के सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
प्रदूषण से जनजीवन प्रभावित:
निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव नहीं होने से उड़ती धूल से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
एक सप्ताह का अंतिम चेतावनी पत्र
सांसद प्रतिनिधि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। आवश्यकता पड़ी तो निर्माण कार्य को अनिश्चितकाल के लिए बाधित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जनआंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी संवेदक कंपनी और प्रशासन की होगी।
छोटू राजा ने कहा कि लातेहार की जनता और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी और अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










