सड़क सुरक्षा माह 2026: जामताड़ा में सरकारी कार्यालयों व वाहन शोरूमों में दिलाई गई सड़क सुरक्षा शपथ

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत छठे दिन जिले में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। “सेफ्टी एट ऑफिसेज” विषय पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ वाहन शोरूमों में सड़क सुरक्षा को लेकर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकेश कुमार ने बताया कि शपथ ग्रहण के दौरान सभी उपस्थित लोगों को एक जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने का संकल्प दिलाया गया। शपथ में यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर बाईं ओर सावधानीपूर्वक चलने, कभी भी दौड़कर सड़क पार नहीं करने, निर्धारित ड्राइविंग उम्र होने पर ही वाहन चलाने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने का संकल्प शामिल रहा।

उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय या सफर के दौरान हेलमेट पहनना अनिवार्य है तथा दोपहिया वाहन पर दो से अधिक व्यक्तियों का सफर न करने की शपथ दिलाई गई। वहीं, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, गति पर नियंत्रण रखते हुए वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन न चलाने और किसी भी प्रकार का नशा कर वाहन न चलाने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके साथ ही आपातकालीन सेवा वाहनों को पहले रास्ता देने, सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता करने का संकल्प भी दिलाया गया। उपस्थित लोगों से यह भी अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति प्रेरित करें।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान पूरे जनवरी माह में जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, अभियान और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा दिया जा सके।

इस मौके पर संबंधित कार्यालय प्रधानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन शोरूम से जुड़े कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *