निकाय चुनाव बैलेट पेपर से ही हों: मोनिता कुमारी
पाकुड़। चुनाव आयोग द्वारा निकाय चुनाव को लेकर बैलेट पेपर से मतदान कराने का साफ़ और अंतिम निर्णय लिए जाने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मशीन से चुनाव कराने की मांग उठाना यह साबित करता है कि भाजपा लोकतंत्र से नहीं, बल्कि जनता से डरती है। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी की जिला महासचिव मोनिता कुमारी ने कही।
उन्होंने कहा कि यह वही भाजपा है जो देशभर में ईवीएम पर सवाल उठाने वालों को राष्ट्रविरोधी बताती रही है, लेकिन आज जब बैलेट पेपर से चुनाव कराने का निर्णय हुआ है तो खुद घबराकर मशीन से मतदान की मांग कर रही है। इससे बड़ा दोहरापन और क्या हो सकता है।
मोनिता कुमारी ने कहा कि सच्चाई यह है कि बैलेट पेपर में धांधली की गुंजाइश कम होती है, इसी कारण भाजपा बेचैन है। भाजपा को यह भली-भांति ज्ञात है कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और निकाय चुनाव में उसकी वास्तविकता सामने आने वाली है।
उन्होंने दो टूक कहा कि चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाना दरअसल संविधान और लोकतंत्र पर सवाल उठाने के समान है। यदि भाजपा खुद को इतनी मजबूत मानती है तो उसे बैलेट पेपर से चुनाव कराने से डरने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अंत में कहा कि जनता सब समझ रही है और इस बार निकाय चुनाव में जवाब मतपेटी के माध्यम से देगी।










