बुक बैंक से बच्चों में जागरूकता और उत्साह बढ़ेगाः उपायुक्त
पढ़ाई और ज्ञान के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ाने एवं पुस्तक प्रेम को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट पंख 2.0 के तहत पुस्तक दान महादान बुक बैंक अभियान का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराना और जिले में पढ़ाई की संस्कृति को मजबूत करना है। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों का ध्यान मोबाइल और अन्य गैजेट्स की ओर अधिक है। ऐसे में पुस्तकों का महत्व और बढ़ जाता है क्योंकि ये बच्चों के बौद्धिक विकास, सोचने- समझने की क्षमता और जीवन मूल्यों को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों, पदाधिकारियों और समाजसेवियों से अपील किया कि वे अपनी उपयोग में न आने वाली, लेकिन ज्ञानवर्धक पुस्तकें बुक बैंक को दान करें। इससे बच्चों की पढ़ाई में मदद मिलेगी और उनकी शैक्षणिक प्रतिभा का विकास होगा। उपायुक्त ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन में मार्गदर्शन देने वाली मित्र भी होती हैं। बच्चों में पढ़ने की आदत और हॉबी को बढ़ावा देने के लिए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।










