उपायुक्त ने मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं का किया निरीक्षण
ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं सतत आजीविका सृजन के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार ने सदर प्रखंड अंतर्गत नरोत्तमपुर पंचायत के बिरगोपालपुर ग्राम में लाभुक मुस्ताक विश्वास की एक एकड़ भूमि पर मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने योजना क्षेत्र का गहन अवलोकन करते हुए पौधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि चारों ओर समुचित एवं मजबूत घेराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे पौधों को किसी प्रकार की क्षति न हो और योजना का उद्देश्य पूर्ण रूप से साकार हो सके। उपायुक्त ने नई एवं पूर्व से संचालित योजनाओं में प्राक्कलन के अनुरूप सीआईबी, सूचना बोर्ड, नाडेप, जलकुंड का निर्माण सुनिश्चित करने के साथ-साथ मिश्रित खेती को बढ़ावा देने तथा बागवानी योजनाओं के किनारे इमारती पौधों का रोपण करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संरचनाओं का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया, ताकि पर्यावरण संरक्षण, हरियाली विस्तार एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का सशक्त माध्यम हैं। इन योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं सतत निगरानी अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए।










