मनरेगा बचाओ अभियान में कांग्रेस ओबीसी मोर्चा की रहेगी सक्रिय भागीदारी – अजय प्रजापति

हजारीबाग। कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ अभियान को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में हजारीबाग कांग्रेस ओबीसी जिला अध्यक्ष अजय प्रजापति ने ओबीसी वर्ग के लोगों से बड़ी संख्या में इस अभियान में शामिल होने की अपील की है। अजय प्रजापति ने कहा कि मनरेगा योजना का सबसे अधिक लाभ पिछड़े वर्ग, गरीब मजदूरों और ग्रामीण परिवारों को मिलता है। यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता को मजबूती मिलती है। ऐसे में मनरेगा को कमजोर करने या उसके नाम और स्वरूप में बदलाव की किसी भी कोशिश का ओबीसी वर्ग को एकजुट होकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सीमित हैं और मनरेगा ही वह योजना है जो संकट के समय गरीब परिवारों को सहारा देती है। यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो सबसे ज्यादा नुकसान ओबीसी, दलित, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को होगा। अजय प्रजापति ने आगे कहा कि 5 जनवरी को रांची में होने वाले मनरेगा बचाओ अभियान में हजारीबाग जिले से ओबीसी समाज के लोग संगठित होकर पहुंचेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस ओबीसी जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि गरीबों और मजदूरों के हक की लड़ाई है। उन्होंने ओबीसी समाज से अपील की कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएं और मनरेगा बचाओ अभियान को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *