जामताड़ा में 639 पीडीएस डीलरों को मिली 4G ई-पॉस मशीन, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा—सरकार ने डीलरों का सपना किया साकार
जिले के सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शुक्रवार को नगर भवन, दुलाडीह, जामताड़ा में 4G नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के कुल 639 पीडीएस डीलरों को नई 4G ई-पॉस मशीन प्रदान की गई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के माननीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया।
मंत्री के आगमन पर उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंत्री एवं उपायुक्त को पौधा, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी उपस्थित डीलरों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं और कहा कि विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद से उन्होंने इसे एक चुनौती के रूप में लिया है। पीडीएस डीलरों की वर्षों पुरानी 4G मशीन की मांग को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में पूरा किया गया है।
मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में पीडीएस डीलरों ने जिस समर्पण भाव से कार्य किया, वह सराहनीय है। नई 4G नेटवर्क आधारित ई-पॉस मशीन से राशन वितरण में तेजी आएगी, ई-केवाईसी की प्रक्रिया आसान होगी और तकनीकी समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने डीलरों से ईमानदारीपूर्वक कार्य करने, लाभुकों को समय पर और पूरी मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही बताया कि जिले को 6 नए मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) मिले हैं, जिससे विभागीय कार्यों में और तेजी आएगी।
मंत्री ने पीडीएस डीलरों के बकाया कमीशन के शीघ्र भुगतान का आश्वासन देते हुए कहा कि अच्छे कार्य करने वाले डीलरों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्यभर में लगभग 25,428 पीडीएस डीलरों को 4G ई-पॉस मशीन वितरण की शुरुआत जामताड़ा से की गई है। इसके अलावा जामताड़ा को 1000 मीट्रिक टन क्षमता वाले तीन नए गोदाम भी दिए गए हैं।
कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री रवि आनंद (भा.प्र.से.) ने कहा कि 2G मशीन के कारण पहले कई समस्याएं आती थीं, लेकिन अब 4G मशीन मिलने से लाभुकों को समय पर राशन मिल सकेगा। उन्होंने डीलरों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की और कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सांकेतिक रूप से कई पीडीएस डीलरों को 4G ई-पॉस मशीन प्रदान की। इस अवसर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री पंकज कुमार रवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री कयूम अंसारी, विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।










