करमदाहा मेला 2026 को लेकर एसडीओ अनंत कुमार ने मेला स्थल व दुखिया बाबा मंदिर परिसर का किया निरीक्षण
जामताड़ा: आगामी करमदाहा मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा श्री अनंत कुमार ने अंचल अधिकारी, नारायणपुर के साथ करमदाहा, नारायणपुर मेला स्थल एवं प्रसिद्ध दुखिया बाबा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य मेले के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने दुखिया बाबा मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए करमदाहा मेला के डाक लेसी मुरसेद अंसारी सहित अन्य स्थानीय लोगों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में करमदाहा मेला 2026 के अवसर पर मेला परिसर एवं मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुविधा, आपातकालीन व्यवस्था एवं साफ-सफाई जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए गए सुझावों के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी, नारायणपुर को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं मेला में लगने वाले दुकानों के संदर्भ में मेला लेसी को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि दुकानों का आवंटन इस प्रकार किया जाए जिससे लोगों के आवागमन में कोई बाधा न हो और मेला क्षेत्र में आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था बनी रहे।
इसके साथ ही मेला लेसी को प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग सुविधा, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरा एवं ड्रोन कैमरे की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया ताकि मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।










