तेतरियाखाड़ कोलियरी में हाइवा से कोयला ढुलाई का ट्रक मालिकों ने किया विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी

बालूमाथ ।बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत सीसीएल की राजहरा परियोजना द्वारा संचालित तेतरियाखाड़ कोलियरी में हाइवा वाहन के माध्यम से कोयला ढुलाई के प्रस्ताव को लेकर स्थानीय ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।इसी को लेकर बुधवार को ट्रक मालिकों एवं लिफ्टरों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता कृष्णा प्रसाद साहू ने की, जबकि संचालन संतोष यादव द्वारा किया गया। बैठक में बसिया पंचायत, बालूमाथ, लातेहार एवं पांकी क्षेत्र के बड़ी संख्या में ट्रक मालिक एवं लिफ्टर उपस्थित रहे।बैठक में जानकारी दी गई कि सीसीएल प्रबंधन द्वारा आगामी 30 दिसंबर से तेतरियाखाड़ कोलियरी से पीएनएमपीएल कंपनी के माध्यम से हाइवा वाहन द्वारा कोयला ढुलाई कराने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय का उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कड़ा विरोध किया।ट्रक मालिकों ने कहा कि तेतरियाखाड़ कोलियरी से हाइवा वाहन द्वारा कोयला ढुलाई को नियमसंगत तरीके से रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रक ही उनका एकमात्र रोजगार का साधन है और हाइवा परिचालन शुरू होने से सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर संकट उत्पन्न हो जाएगा।वहीं विस्थापित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीसीएल प्रबंधन द्वारा अब तक भूमि के बदले पूर्ण रूप से नौकरी एवं मुआवजा नहीं दिया गया है।ऐसी स्थिति में रोजगार छिनने का यह निर्णय पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।ट्रक मालिकों ने चेतावनी दी कि यदि सीसीएल प्रबंधन अपने निर्णय को वापस नहीं लेता है, तो वे नियमसंगत आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।बैठक में मो. इमरान, कमलेश सिंह, मो. समीम, रामेश यादव, मो. मोईन सहित कई स्थानीय ग्रामीण एवं ट्रक मालिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *