नये साल के पहले दिन खूब हुआ पूजा-पाठ एवं मौज-मस्ती

नव वर्ष-2026 का ताम्रनगरी मऊभण्डार के लोगों ने नए जोश व उत्साह के साथ स्वागत किया। चौक-चौराहों पर जहां फ़िल्मी गीतों पर युवाओं ने मिलकर खूब डांस किए, वहीं पिकनिक का लुत्फ़ नए साल के पहले दिन उठाया। इस दौरान पर्यटन स्थलों से लेकर मंदिरों में भी भारी भीड़ उमड़ी। मऊभंडार स्थित शिव मंदिर में नव वर्ष के पहले दिन अहले सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरु हो गई थी। लोगों ने स्नान-ध्यान करने के उपरांत पूजा-अर्चना किए तथा नए साल में सुख-शांति और समृद्धि की कामना ईश्वर से किए। मंदिरों के साथ ही पर्यटक स्थल भी पर्यटक एवं स्थानीय लोगों से गुलजार रहे। मऊभंडार के स्वर्णरेखा नदी तट पर हर साल की तरह इस बार भी नववर्ष के पहले दिन पिकनिक मनाने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में कोलकाता तथा दूसरे क्षेत्रों से भी आए पर्यटकों ने स्वर्णरेखा तट पर पिकनिक का आनंद उठाया। यहां लोग अपने परिजन व दोस्तों के साथ पहुंचे तथा दिनभर खूब जश्न मनाया। स्वादिष्ट व्यंजनों का जमकर लुत्फ़ उठाने के साथ ही फ़िल्मी गीतों पर भी युवाओं खूब थिरके। नए साल के पहले दिन विभिन्न चौक-चौराहों पर भी युवा फ़िल्मी गीतों पर थिरकते दिखें। मौके पर नए साल का केक काटकर एक-दूसरे का मुंह भी मीठा कराया गया। मऊभंडार बी-ब्लॉक महावीर क्लब के समक्ष देर रात तक युवाओं ने नाच-गाकर नए साल का जश्न मनाया। नए साल के पहले दिन क्या बुजुर्ग और क्या युवा सभी मस्ती के रंग में रंगे दिखें। महिलाओं ने भी खूब मौज-मस्ती कि तथा सेल्फी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *