कोडरमा की प्रसिद्ध महिला चिकित्सक डॉ. बी रानी का निधन
कोडरमा। जिले की जानी-मानी महिला चिकित्सक डॉ. बी रानी (56 वर्ष) का सोमवार की रात इलाज के दौरान रांची स्थित मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पूरे कोडरमा जिले में शोक है। जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर की दोपहर करीब 2 बजे डॉ. बी रानी अपने क्लीनिक में मरीजों का चेकअप कर रही थीं, इसी दौरान उन्हें अचानक ब्रेन स्ट्रोक आ गया। आनन-फानन में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद शुक्रवार की रात परिजन बेहतर इलाज के लिए रांची के मेदांता हॉस्पिटल लेकर गए। वहां करीब तीन दिनों तक चले इलाज के बाद सोमवार की रात उनका निधन हो गया। मूल रूप से छपरा की रहने वाली डॉ. बी रानी ने अपने चिकित्सा करियर की शुरुआत कोडरमा से की थी। अपने सरल स्वभाव और उत्कृष्ट इलाज के कारण वे कोडरमा सहित आसपास के इलाकों की महिलाओं के बीच बेहद लोकप्रिय थीं। वर्षों तक उन्होंने निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा की और समाज में एक अलग पहचान बनाई। उनके पति डॉ. अनंत कुमार ईएसआईसी कोडरमा के प्रभारी हैं। उनकी एक बेटी स्त्री रोग विशेषज्ञ, दूसरी बेटी दंत रोग विशेषज्ञ हैं, जबकि पुत्र भी मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। वहीं उनके दामाद भी डॉक्टर हैं। डॉ. बी रानी के असामयिक निधन से चिकित्सक समुदाय, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में गहरा शोक है। सभी ने उन्हें एक समर्पित, संवेदनशील और समाजसेवी चिकित्सक के रूप में याद करते हुए शोक व्यक्त किया है।










