सीसीएल के युवा अधिकारी मतुल बघेल का असामयिक निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
खलारी। सीसीएल एनके क्षेत्र के पुरनाडीह परियोजना में सहायक प्रबंधक (खनन) मतुल बघेल (29) का असामयिक निधन हो गया। सोमवार की सुबह पश्चिम बंगाल के कुल्टी स्टेशन के पास आरपीएफ को एक युवक का शव मिला, जिसकी पहचान आधार कार्ड से मतुल बघेल के रूप में हुई। जानकारी अनुसार मतुल शनिवार को मोहन नगर (खलारी) स्थित अपने आवास से रांची जाने की बात कहकर निकले थे। बाद में उन्होंने रानीगंज स्थित अपने मामा के घर जाने की जानकारी दी थी। सोमवार को उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही मोहन नगर कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी मतुल सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। मतुल के पिता भोला राम बघेल केडीएच परियोजना में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत हैं। दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े मतुल अविवाहित थे और पूरे परिवार के भविष्य की उम्मीद थे। मतुल खलारी के रॉयल प्रोग्रेसिव स्कूल के छात्र रहे और सीसीएल की लाल योजना के तहत माइनिंग इंजीनियरिंग कर सीसीएल में अधिकारी बने। वे एक प्रशिक्षित रेस्क्यू अधिकारी भी थे। इधर मतुल बघेल के निधन पर श्रमिक नेता कृष्णा चौहान सहित अन्य श्रमिक नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक प्रकट किया है। सभी ने इसे सीसीएल परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।










