सुरक्षित खेती के लिए बोकारो में कीटनाशी विक्रेताओं का विशेष प्रशिक्षण

पेटरवार। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र, पेटरवार में सोमवार को अनुमंडल सह जिला कृषि पदाधिकारी, बोकारो के वित्तपोषण से एक दिवसीय कीटनाशी विक्रेता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. रंजय कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कीटनाशी विक्रेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों तक सही और वैज्ञानिक जानकारी पहुँचाने में विक्रेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कीटनाशकों के सुरक्षित, संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण सत्र में वैज्ञानिक डॉ. एस.पी. कुमार ने कीटनाशकों के चयन, भंडारण एवं सही उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कीटनाशकों का गलत अथवा अत्यधिक प्रयोग फसलों के साथ-साथ पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकता है। उन्होंने विक्रेताओं से आग्रह किया कि वे किसानों को केवल प्रमाणित उत्पादों के उपयोग हेतु प्रेरित करें और जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें।
इस कार्यक्रम में बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंडों से लगभग 50 कीटनाशी विक्रेताओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *