मधुपुर मार्ट मॉल में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल,कर्मचारियों को दिए गए बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स
मधुपुर।शहर के भगत सिंह रोड स्थित वी-मार्ट मॉल,मधुपुर में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अग्निशमन पदाधिकारी कालेश्वर पासवान ने मॉल प्रबंधन की उपस्थिति में सभी कर्मियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों एवं आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन पदाधिकारी ने कर्मचारियों को बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना आवश्यक है। उन्होंने मॉल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी मार्गों की पहचान, तथा आपातकालीन स्थिति में ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की आग या आग की आशंका होने पर तुरंत इस मोबाइल नंबर 9296793962 पर सूचना दें,ताकि समय रहते अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बड़े हादसे को टाल सके। मॉल प्रबंधन ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और आपात स्थिति में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।










