आठ दिनों से लापता चार बच्चों की माँ,माँ की तलाश में दर-दर भटक रहा परिवार

मधुपुर : थाना क्षेत्र अंतर्गत दलहा गाँव से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहाँ चार बच्चों की माँ रूपा देवी पिछले आठ दिनों से लापता हैं। रूपा देवी के अचानक गायब हो जाने से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घर में मातृस्नेह के बिना बच्चे बेसहारा हो गए हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दलहा गाँव निवासी रेलकर्मी राजकिशोर राउत की पत्नी रूपा देवी 19 दिसंबर की रात अपनी छोटी बेटी के साथ घर के एक कमरे में सोई थीं। लेकिन 20 दिसंबर की सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य जागे, तो रूपा देवी घर में मौजूद नहीं थीं। पहले तो परिजनों ने आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहाँ खोजबीन की, लेकिन जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार की चिंता और बढ़ गई।
रूपा देवी के लापता होने के बाद से उनका पुत्र माँ की तलाश में लगातार इधर-उधर भटक रहा है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि रूपा देवी का इस तरह बिना बताए घर छोड़कर जाना समझ से परे है। आशंका जताई जा रही है कि उनके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई।परिजनों ने इस संबंध में मधुपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान भी चलाया जा रहा है।परिवार ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि रूपा देवी को जल्द से जल्द खोज निकाला जाए, ताकि बच्चों को उनकी माँ वापस मिल सके। इस घटना से पूरे गाँव में भी चिंता और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *