जामताड़ा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का मान, जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में चयन

44वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता 2025-26 में भागीदारी के लिए जामताड़ा जिले के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है। 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए झारखंड राज्य खो-खो टीम में जामताड़ा जिला खो-खो संघ के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ियों में बालिका वर्ग से नैंसी सिन्हा, दीप्ति बास्की एवं स्वीटी मुर्मू तथा बालक वर्ग से तरुण कुमार हांसदा शामिल हैं।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज ज्ञान रेणु विद्या निकेतन स्कूल के सभागार में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां चयनित सभी खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
जानकारी देते हुए जामताड़ा जिला खो-खो संघ के सचिव नंदन कुमार सिंह ने बताया कि सभी चयनित खिलाड़ी आज रात 10 बजे पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से सीनियर खिलाड़ियों राज कुमार हेंब्रम एवं सुभाष सोरेन के साथ रांची के लिए रवाना होंगे, जहां से आगे की यात्रा कर वे प्रतियोगिता स्थल बंगलुरू पहुंचेंगे।
इस अवसर पर जामताड़ा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी, संरक्षक श्यामल मंडल एवं वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी ने चयनित खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह जामताड़ा जिला ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से संघ के मुख्य संरक्षक अजय सिंह, उपाध्यक्ष भूपेश गुप्ता, कमलेश मंडल, सचिव नंदन कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, आकाश साव, सदस्य राज कुमार, सुभाष, प्रीतम मुर्मू, रामजीत मुर्मू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *