शहीद निर्मल महतो जयंती पर आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न
सिल्ली मूरी :-सिल्ली प्रखंड अंतर्गत शुक्रवार को लोटा स्कूल मैदान में शहीद निर्मल महतो की जयंती के शुभ अवसर पर मिलन फुटबॉल क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई टीमों ने हिस्सा लिया, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में टाटी पंचायत के मुखिया सह समाजसेवी रामानंद बेदिया, जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष हरे कृष्णा महतो, विधायक प्रतिनिधि राकेश महतो एवं लोटा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र मुंडा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बलराम महतो ने किया।प्रतियोगिता में ग्रीन फुटबॉल क्लब लोटा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 27 किलोग्राम का खस्सी एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं पलासडीह फुटबॉल क्लब की टीम उपविजेता रही, जिसे 23 किलोग्राम का खस्सी एवं ट्रॉफी दी गई। सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली दोनों टीमों को प्रोत्साहन स्वरूप ₹3000 की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामानंद बेदिया ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और उनकी प्रतिभा में निखार आता है। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का अहम हिस्सा बनाने की अपील की।इस अवसर पर गोकुल महतो, अनिल बेदिया, मिथुन चंद्र महतो, भृगु राम महतो, मजेन महतो, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद थे।










