अटल जयंती पर डॉ. सुनीता द्वारा कंबल वितरण, मानवता और सेवा का संदेश घाटशिला l

भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री डॉ. सुनीता द्वारा एक सराहनीय सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन कालचित पंचायत के एडेलबेरा गांव में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कड़ाके की ठंड को देखते हुए यह पहल आमजन के लिए राहत लेकर आई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुनीता ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और मानव कल्याण को समर्पित रहा है। वे केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, विचारक और जननेता थे। उनके सिद्धांत आज भी देश के करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। अटल जी का मानना था कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।
डॉ. सुनीता ने कहा कि भाजपा हमेशा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर चलते हुए समाज के कमजोर वर्गों के लिए कार्य करती रही है। इसी भावना के तहत ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल वितरण कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में स्थानीय मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता, साथ में महिला मोर्चा की सदस्याएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कंबल पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। अंत में सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के आदर्शों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल सेवा का उदाहरण बना, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता का भी संदेश दे गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *